मंडल कारा में महिला बंदी की हार्ट अटैक से मौत

 


किशनगंज, 20 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद एक महिला बंदी की सोमवार तड़के संदिग्ध रूप से दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गलगलिया थाना क्षेत्र के योगी टोला निवासी 50 वर्षीय जेठाली हासदा, पति रामू मुरमुर, के रूप में हुई है।

घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जेठाली हासदा को गलगलिया थाना कांड संख्या 73/2026 में दर्ज शराब से संबंधित मामले में रविवार की शाम न्यायिक हिरासत में किशनगंज मंडल कारा भेजा गया था। देर शाम करीब छह से सात बजे के बीच उन्हें जेल में दाखिल किया गया और महिला वार्ड में रखा गया।

बताया जाता है कि देर रात महिला बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत होने पर कारा प्रशासन ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई और आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

काराधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला बंदी को रविवार को शराब मामले में न्यायिक हिरासत के तहत मंडल कारा लाया गया था। महिला सेल में देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि कारा प्रशासन द्वारा नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह