सीपीएस में 10वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह हुआ आयोजित
सारण, 21 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में सीपीएस एक्सीलेंस अवार्ड 2026 का आयोजन किया गया। विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्रा दीक्षा राज और छात्र प्रिंस राज ने 96.2% अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आदित्य कुमार 96.0% द्वितीय और माहि कुमारी 95.0% तृतीय स्थान पर रहीं। विषयवार प्रदर्शन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शत-प्रतिशत अंक तथा अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान में 99 अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विशेष सराहना की गई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष 5 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक, 28 ने 90% से अधिक और 102 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक अर्जित किए हैं। चेयरमैन डॉ हरेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों के अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल बताया। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार