एफसीएम इंजेक्शन से सारण में मिटेगी खून की कमी

 




सारण, 26 मार्च (हि.स.)। जिले में मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक कदम उठाया है।

अब खून की कमी से जूझ रही महिलाओं का इलाज अत्याधुनिक एफसीएम थेरेपी से किया जाएगा। जिले के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यहाँ लगभग 64 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से ग्रसित हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविन्द कुमार के अनुसार इस वर्ष करीब 59,556 गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर 11 से कम पाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने बताया कि एफसीएम इंजेक्शन उन मरीजों के लिए रामबाण है, जिन पर मौखिक दवाएं असर नहीं करतीं।

यह शरीर में आयरन की कमी को तेजी से पूरा करता है और कुछ ही हफ्तों में हीमोग्लोबिन के स्तर में सुधार लाता है। विभाग अब टेस्ट, ट्रीट और ट्रैक मॉडल पर काम कर रहा है। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी, गंभीर मामलों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जाएगा और डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए मरीजों का फॉलोअप लिया जाएगा। इस अवसर पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने आयरन युक्त आहार और समय पर जांच के महत्व को समझाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार