कटिहार के 62 आदिवासी गांवों में 19 से 25 मई तक लगेंगे विशेष शिविर

 


कटिहार, 16 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार के ‘जनभागीदारी- आईसी’ अभियान के तहत कटिहार जिले के आदिवासी इलाकों में 19 मई से 25 मई तक बड़ा जागरूकता अभियान चलेगा। ‘सबसे दूर, सबसे पहले’ की सोच के साथ जिले के 13 प्रखंडों के 62 आदिवासी गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

शनिवार को एनआईसी सभागार में डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। यह बैठक सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, बिहार के 14 मई के पत्र के बाद बुलाई गई थी। बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय अफसर मौजूद रहे। अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय अफसर वीसी से जुड़े।

क्या है मकसद?

इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मकसद पीएम-जनमन

और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान

(डीए-जेजीयूए) जैसी जनजातीय कल्याण योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। ‘समग्र सरकारी दृष्टिकोण’ अपनाकर सेवा केंद्रों को सक्रिय किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र आदिवासी परिवार योजना से वंचित न रहे। शिविर में ही शिकायतें सुनकर तुरंत समाधान किया जाएगा।

कहां-कहां लगेंगे शिविर?

कटिहार जिले के 13 आदिवासी बहुल प्रखंड- कटिहार, मनसाही, हसनगंज, डंडखोरा, कोढ़ा, फलका, आजमनगर, प्राणपुर, बलरामपुर, बरारी, कुर्सेला, मनिहारी और अमदाबाद के 42 पंचायतों के 62 गांवों को चुना गया है।

19 मई से 25 मई तक इन गांवों में सभी संबंधित विभागों के अफसर शिविर लगाएंगे। यहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों के आवेदन लिए जाएंगे और समस्याओं का मौके पर निपटारा होगा।

जिला कल्याण पदाधिकारी, कटिहार ने बताया कि ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ के तहत चल रहे इस अभियान से आदिवासी समुदाय को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह