किसान सलाहकार संघ ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

 


सुपौल, 08 जून (हि.स.)। बिहार राज्य किसान सलाहकार संघ ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार को कृषि कार्यालय सुपौल में हुए कथित ईपीएफ घोटाले की निष्पक्ष जांच और गबन राशि की वापसी को लेकर मांग पत्र सौंपा।

मांग पत्र समर्पित करते हुए संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ अमन कुमार ने कहा कि किसान सलाहकार धूप में किसान के साथ खड़ा रहता है। खेत-खेत घूमकर बीज, खाद व योजना की जानकारी देता है। उसका भविष्य निधि काटकर अगर दफ्तर में बैठा बाबू डकार जाए तो यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं है। यह घोटाला नहीं डाका है। यह आर्थिक अपराध देशद्रोह से कम नहीं है।

डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि कृषि कार्यालय सुपौल में 1.20 करोड़ का कथित ईपीएफ घोटाला बहुत ही शर्मनाक और अमानवीय है। यह किसान सलाहकार के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। 30 दिनों के अंदर एक-एक पाई ब्याज सहित वापस चाहिए। दोषियों को गिरफ्तार कर अभिलंब जेल भेजा जाए। उनकी चल-अचल संपत्ति नीलाम कर राशि वसूली जाए। जिसने भी यह घोटाला किया है उसे सजा भी मिलनी चाहिए ताकि कल किसी और के बुढ़ापे की लाठी न टूटे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी लड़ाई किसी कुर्सी के खिलाफ नहीं है। यह व्यवस्था में बैठे भ्रष्टाचार के खिलाफ है। भ्रष्टाचार का एक ही इलाज है - कड़ी सजा और पूरी वसूली।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र