पिरपैंती विद्युत तापघर रेल रोड कॉरिडोर, भूमि अधिग्रहण में धांधली के खिलाफ किसानों का समाहरणालय पर प्रदर्शन

 


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिरपैंती विद्युत तापघर और रेल रोड कॉरिडोर के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को किसान समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने समाहरणालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन सौंपा। धरना पर बैठे किसान नेताओं ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों की कीमती और उपजाऊ भूमि का जबरन और नियम विरुद्ध अधिग्रहण किया जा रहा है। भूमि का सही मूल्यांकन न होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

किसानों ने प्रशासन के सामने मुख्य रूप से जो मांगे रखी उनमें रेल रोड कॉरिडोर के लिए केवल न्यूनतम आवश्यक चौड़ाई में ही भूमि का अधिग्रहण किया जाए। सरकार इसके नाम पर अतिरिक्त जमीन लेकर 'भूमि बैंक' (लैंड बैंक) बनाने की कोशिश न करे। अधिग्रहित होने वाली भूमि का सही और उचित वर्गीकरण (कमर्शियल, आवासीय या कृषि योग्य) किया जाए। इसी वर्गीकरण के आधार पर वर्तमान बाजार दर के अनुसार किसानों के मुआवजे की राशि तय हो। किसानों से कम से कम भूमि ली जाए ताकि उनके पास अधिक से अधिक कृषि योग्य जमीन बची रहे और वे फसल उपजाकर अपनी आजीविका चला सकें, कि मांगे शामिल हैं।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया और अधिग्रहण की धांधली नहीं रोकी गई, तो वे अपने हक के लिए आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर काफी संख्या में किसान मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर