खेत जोतने के दौरान किसान पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
भागलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।
जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के खैरा मोड़ क्षेत्र अंतर्गत खेत जोतने के दौरान एक किसान पर कुछ दबंगों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
घायल किसान की पहचान मोहम्मद अयूब के रूप में हुई है। घायल किसान को मंगलवार को मायागंज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर से खेत की जुताई करा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। लेकिन इलाज का खर्च अधिक होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार ने बाद में उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल), भागलपुर में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
घायल के बेटे ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, वे रिश्ते में उनके दादा लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो आरोपियों ने कोई सहयोग किया और न ही गांव के लोगों ने मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया।
परिवार किसी तरह अपने घायल पिता को अस्पताल तक लेकर पहुंचा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर