बिहार के सीवान में किसान की दो बेटियों ने सीआईएसएफ में पाई सफलता
सीवान, 26 जून (हि.स.)। कहते हैं कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के आगे परिस्थितियां भी घुटने टेक देती हैं। बिहार में सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के पिनर्थु पंचायत स्थित इंदापुर गांव की दो सगी बहनों ने इसी कहावत को सच कर दिखाया है। किसान हरेराम यादव की बेटियां शिवानी यादव और वर्षा यादव ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के माध्यम से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आ
ज बड़ी बहन शिवानी यादव गृह मंत्रालय की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रही हैं, जबकि छोटी बहन वर्षा यादव दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से पिता हरेराम यादव का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। गांव में भी खुशी का माहौल है और लोग इसे बेटियों की मेहनत व लगन का परिणाम बता रहे हैं।
दोनों बहनों की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई पश्चिम बंगाल बोर्ड से हुई। शिवानी ने वर्ष 2016 में मैट्रिक, 2018 में इंटर तथा 2021 में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 2023 में उनका चयन सीआईएसएफ में हुआ। वहीं वर्षा ने 2019 में मैट्रिक, 2021 में इंटर और 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की तथा वर्ष 2025 में सीआईएसएफ में चयनित हुईं।
उनके पिता हरेराम यादव कोलकाता में खटाल का संचालन करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटियों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। दोनों बहनों ने बताया कि उन्हें पहली ही कोशिश में सफलता मिली। उनका मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर जारी रहे तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। साथ ही बताया कि सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन पढ़ाई ने उनकी तैयारी में अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उन्होंने संदेश दिया कि कक्षा 5वीं से 12वीं तक की एनसीईआरटी की पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन मजबूत नींव तैयार करता है और सफलता की राह आसान बनाता है। चयन के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर दोनों बहनों का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, डीजे और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। इस अवसर पर वार्ड सदस्य हजरत अली, ऋषि कुमार यादव, ब्रजेश यादव, ललन यादव, झूलन यादव, बबन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दोनों बहनों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma