तेज हवा और बारिश से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा, डीएम ने दिए निर्देश
कटिहार, 23 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिमी विक्षोभ के कारण फसल क्षति की समीक्षा की गई और किसानों को मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी अंचलाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे फसल क्षति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें ताकि किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान, पानी की टंकी, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र आदि के लिए आवंटित भूमि की स्थिति की समीक्षा करें और भूमि संबंधी अड़चनों को तत्काल दूर करें।
डीएम ने निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का कार्य पूर्ण हो गया है, उन्हें जिला पंचायत राज पदाधिकारी को हैंड ओवर किया जाए ताकि पंचायत सरकार भवन में सभी प्रकार के कार्यों का संचालन किया जा सके।
बैठक में शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य विभागों की गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह