जिले में 07 से 19 दिसंबर तक मनाया जाएगा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा

 

कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में आगामी 07 से 19 दिसंबर तक 'पुरुष नसबंदी पखवाड़ा' मनाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने गुरुवार को जिले के सभी पुरुषों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन में अपनी सक्रिय जिम्मेदारी निभाते हुए इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें। डीएम ने कहा कि परिवार नियोजन केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है और पुरुषों की भागीदारी से ही 'छोटा परिवार, सुखी परिवार' का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी एक अत्यंत सरल, सुरक्षित, दर्द रहित और स्थायी विधि है, जिसमें महज 10 मिनट का समय लगता है, व्यक्ति उसी दिन घर लौट सकता है और इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं होती।

पखवाड़े के तहत दो चरणों में अभियान चलाया जाएगा। प्रथम चरण (07 से 11 दिसंबर) 'मोबिलाइजेशन चरण' होगा, जिसमें आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर पुरुषों को नसबंदी के फायदों के प्रति जागरूक करेंगे। वहीं, द्वितीय चरण (12 से 19 दिसंबर) 'सेवा प्रदायगी चरण' के रूप में आयोजित होगा, जिसमें सदर अस्पताल, सभी अनुमंडलीय व रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा चिह्नित निजी अस्पतालों में विशेष नसबंदी शिविर लगाए जाएंगे।

सरकार की ओर से नसबंदी कराने वाले लाभुक को 3,000 रुपये तथा प्रेरक (आशा या स्वास्थ्य कर्मी) को 400 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क होने के साथ-साथ लाभुकों को आने-जाने की सुविधा और किसी प्रकार की जटिलता होने पर निःशुल्क उपचार भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम, दवा व उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रखंड स्तर पर जागरूकता रैली व बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह