सड़क हादसे में मृत दो युवकों के परिजनों को चार-चार लाख की सहायता

 

दरभंगा, 29 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो युवकों के आश्रितों को मंगलवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया गया। प्रखंड कार्यालय स्थित बीडीओ कक्ष में विधायक अतिरेक कुमार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा।

विधायक ने धोबलिया गांव निवासी मृतक पंकज राय की पत्नी रंजू देवी तथा अंकित कुमार उर्फ बादल यादव की मां लाखो देवी को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुर्घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सहायता राशि मिलने पर परिजनों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया।

बताया गया कि 18 जुलाई को धोबलिया पुल पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में धोबलिया निवासी पंकज राय और अंकित कुमार उर्फ बादल यादव के अलावा कुशेश्वरस्थान प्रखंड के बड़गांव निवासी भारतीय सेना के जवान अखिलेश आनंद की भी मौत हुई थी। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

मंगलवार को दो मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि मिलने से परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है। मौके पर प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रोशन भारती सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra