श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव पर निकली भव्य निशान शोभायात्रा
जयश्री खाटू श्याम के जयघोष से गूंजा शहर
पूर्वी चंपारण,22 फ़रवरी (हि.स.)। फाल्गुन महोत्सव के 21वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर रविवार को रक्सौल स्थित श्री श्याम मंदिर, आर्यसमाज रोड से भव्य निशान शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे शहर में “जय श्री श्याम” और “खाटू नरेश की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धा, उत्साह और भक्ति से ओतप्रोत श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम ने सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक उर्जा से सराबोर कर दिया। मंदिर परिसर से आरंभ हुई शोभायात्रा मेंन रोड, पोस्ट ऑफिस रोड , एक्सचेंज रोड एवं स्टेशन रोड से होते हुए नगर परिक्रमा कर पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। रथ पर विराजमान बाबा श्याम की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु हाथों में पीले-केसरिया निशान ध्वज लिए भक्ति गीतों और कीर्तन की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।
यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का रंग-गुलाल लगाकर स्वागत किया और शीतल पेय की व्यवस्था की। युवकों-युवतियों ने राजस्थानी एवं भक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं तथा एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
स्थानीय प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के नीरज शर्मा, हेमंत शर्मा एवं आनंद रूंगटा समेत अन्य सहयोगियों की उल्लेखनीय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार