नकली कीटनाशक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़: 2,600 पैकेट व पैकिंग मशीन सहित 3.07 लाख की सामग्री जब्त

 


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले के कोढ़ा प्रखंड में किसानों के साथ धोखाधड़ी कर नकली कीटनाशक बनाने और उसकी कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर बुधवार को कृषि विभाग के विशेष दल, कोढ़ा थाना पुलिस और नामी कृषि रसायन कंपनी यूपीएल के प्रतिनिधि की संयुक्त टीम ने कोढ़ा स्थित जगदीप सिंह के मार्केट में छापेमारी की। इस कार्रवाई में मौके से कंपनी के लोकप्रिय फफूंदनाशक उत्पाद 'साफ' के नाम के लगभग 2,600 खाली पैकेट, नकली दवा तैयार करने वाला कच्चा माल तथा पैकिंग व सीलिंग मशीन सहित करीब 3.07 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।

जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार, मकान मालिक जगदीप सिंह ने बताया कि मुंगेर जिले के दरियापुर निवासी मुकेश कुमार (पिता- सुरेश कुमार यादव) द्वारा किराए के कमरे में यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। पुलिस व कृषि विभाग द्वारा मामले में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। छापेमारी दल में पौधा संरक्षण के सहायक निदेशक जय किशन कुमार, बीज विश्लेषण की सहायक निदेशक शालिनी कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, यूपीएल कंपनी के प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह और कोढ़ा थाना पुलिस के पदाधिकारी शामिल थे।

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसान बंधुओं से अपील की है कि वे कीटनाशक व कृषि रसायनों की खरीदारी केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही करें और पक्का बिल अवश्य लें। उन्होंने उत्पाद की पैकिंग, बैच नंबर और वैधता तिथि जांचने की सलाह देते हुए कहा कि संदिग्ध उत्पाद की सूचना तत्काल विभाग को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह