सीवान जंक्शन में बाढ़ का फर्जी वीडियो वायरल, स्टेशन अधीक्षक ने साइबर थाने में दी शिकायत
सीवान, 04 सितंबर (हि.स.)।
सीवान जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में बाढ़ आने का भ्रामक और कथित फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीवान जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने साइबर थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में फेसबुक अकाउंट ‘faiyaj creates’ के संचालक पर दो सितंबर से सीवान जंक्शन में बाढ़ आने से संबंधित भ्रामक वीडियो, पोस्ट और रील प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।
स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने अपने आवेदन में कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में सीवान जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में बाढ़ जैसी स्थिति दिखाई गई है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है।
इस तरह की भ्रामक पोस्ट के प्रसार से आम लोगों और रेल यात्रियों के बीच स्टेशन की स्थिति, रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं को लेकर भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। यात्रियों के बीच गलत धारणा बनने के साथ ही रेलवे की विश्वसनीयता और छवि भी प्रभावित होने की आशंका जतायी गयी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को फेसबुक अकाउंट का नाम, पोस्ट की तारीख और पोस्ट का लिंक उपलब्ध कराया है. साथ ही वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट भी आवेदन के साथ संलग्न किए गए हैं।
स्टेशन अधीक्षक ने साइबर पुलिस से पोस्ट की तकनीकी जांच कर अकाउंट संचालक की पहचान करने तथा उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस तरह के झूठे वीडियो प्रसारित कर अफवाह फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे में पुलिस के लिए यह जांच महत्वपूर्ण होगी कि वायरल वीडियो वास्तव में कहां का है, उसे किसने तैयार या अपलोड किया और सीवान जंक्शन से जोड़कर उसे किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया। अब साइबर पुलिस की जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता और संबंधित व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma