फोटो स्टेट की दुकान में फर्जी आधार कार्ड,कटिहार का दो गिरफ्तार,दो मौके से फरार
अररिया 14 अप्रैल(हि.स.)। जिले की रानीगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को डुमरिया बाजार वार्ड संख्या नौ स्थित राफे पिता रब्बानी की फोटो स्टेट दुकान में छापेमारी कर फर्जी रूप से आधार कार्ड बनाने का खुलासा किया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान में छापेमारी की तो मोबाइल,लैपटॉप,फिंगर प्रिंट स्कैनर से काम कर रहे चार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की,जिसमें से पुलिस ने दो युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दो मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पकड़ा गया दोनों युवक कटिहार जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है।गिरफ्तार किए गए युवकों में 30 वर्षीय अताउर्र रब उर्फ वसीम पिता मो. सिद्दीक मखदुमपुर वार्ड संख्या तीन का रहने वाला है,जबकि दूसरा गिरफ्तार युवक कटिहार मुफस्सिल थाना क्षेत्र का रहने वाला 32 वर्षीय इम्तियाज अहमद पिता अजहरुल हक है।
मंगलवार को सदर डीएसपी सुशील कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मामले को लेकर रानीगंज थाना में कांड संख्या 108/26 दिनांक 14.04.2026 धारा 318(4),338,336(3),340(2),3(5) बीएनएस एवं 36,38 एवं 42 आधार अधिनियम 2016 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप,चार मोबाइल,फिंगर स्कैनिंग डिवाइस,आई स्कैनिंग डिवाइस,वेब कैमरा,14 आधार कार्ड,आधार कार्ड के फॉर्म,जन्म प्रमाण पत्र,वोटर आईडी कार्ड,18 हजार रूपये नगद,सिलिकॉन का बना फिंगर क्लोन आदि बरामद किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर