नालंदा जिले में प्रखंड में उत्पाद विभाग के टीम पर फायरिंग, तीन हिरासत में
नालंदा, बिहारशरीफ 05 मार्च (हि.स.)। नालनंदा जिले के नुरसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गुरुवार को नूरसराय थाना पुलिस को सूचना मिली कि उत्पाद टीम, नालंदा द्वारा नूरसराय-थरथरी सीमा पर पाण्डेयपुर गांव के समीप खंधा में शराब के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान थरथरी थाना क्षेत्र के ग्राम अतवलचक के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पाद विभाग के टीम पर फायरिंग की गई है।सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए थानाध्यक्ष नूरसराय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उत्पाद टीम द्वारा उपलब्ध कराए गए ड्रोन कैमरे के फुटेज के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपितों की पहचान की गई।इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 बिहारशरीफ के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक (नूरसराय अंचल) तथा समीपवर्ती थानों — थरथरी, चंडी एवं कल्याणबिगहा — की संयुक्त टीम ने उत्पाद विभाग की शिनाख्त के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया।
इस अभियान में पुलिस ने तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।घटना के संबंध में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे