नेत्रदान के प्रति जागरूकता को लेकर 19 सितंबर को निकलेगी जन-जागृति रैली

 

सुपौल, 18 सितंबर (हि.स.)। दधीचि देहदान समिति एवं बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी महिला समिति, सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में ‘नेत्रदान-महादान’ को लेकर 19 सितंबर शनिवार को जन-जागृति जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली सुबह आठ बजे शहर के व्यापार संघ भवन से शुरू होगी। इसमें जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के जागरूक नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार रैली में सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया एवं फारबिसगंज शाखाओं के प्रतिनिधियों के साथ रेड क्रॉस सोसाइटी, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन शाखा सुपौल, लायंस क्लब, श्री श्याम परिवार, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा, व्यापार संघ, सुपौल चैंबर ऑफ कॉमर्स, श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी संचालन समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच सहित अन्य संगठनों के सदस्यों की सहभागिता रहेगी।

जन-जागृति पदयात्रा व्यापार संघ भवन से निकलकर मुख्य डाकघर, स्टेशन चौक, लोहिया नगर, अंबेडकर चौक एवं महावीर चौक होते हुए पुनः व्यापार संघ सभा भवन पहुंचेगी। यहां पदयात्रा सभा में परिवर्तित हो जाएगी। सभा में जिलाधिकारी एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि नेत्रदान के महत्व तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के संबंध में अपने विचार रखेंगे।

आयोजकों ने बताया कि रैली का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा नेत्रदान को लेकर समाज में व्याप्त गलतफहमियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

दधीचि देहदान समिति एवं बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी महिला समिति के अध्यक्ष व सचिव ने शहरवासियों से ब्लाइंड वॉक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जन-जागृति अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

यह जानकारी पवन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी, दधीचि देहदान समिति ने दी

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र