प्रसिद्ध कारोबारी गौरीशंकर भगत के मृत्योपरांत हुआ नेत्रदान, कटिहार केएमसीएच की टीम ने किया कॉर्निया कलेक्ट
अररिया 26 अक्टूबर(हि.स.)। फारबिसगंज के वार्ड संख्या चौदह निवासी एवं प्रसिद्ध कारोबारी 85 वर्षीय गौरीशंकर प्रसाद भगत के निधन पर परिजनों की सहमति के बाद कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की टीम ने फारबिसगंज पहुंचकर नेत्रदानी का कॉर्निया कलेक्ट किया।गौरीशंकर प्रसाद भगत के आकस्मिक निधन पर दधीचि देहदान समिति,तेरापंथ युवक परिषद और कलवार सेवा ट्रस्ट की ओर से मृतक के परिजनों के बीच नेत्रदान को लेकर पहल की गई,जिस पर उसके पुत्र नितिन भगत और उनकी पत्नी रीता भगत के द्वारा नेत्रदान की सहमति प्रदान की गई I
समिति के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल और शिवकुमार फिटकिरीवाला,तेयुप के आशीष गोलछा और ट्रस्ट के संरक्षक विंध्याचल उर्फ राजू भगत एवं अध्यक्ष सीताराम भगत के द्वारा कटिहार मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ अतुल मिश्रा से संपर्क किया गया I उनके द्वारा डॉ अभय कुमार के नेतृत्व में डॉ रविनंदन और डॉ आदर्श कुमार को टीम बनाकर फारबिसगंज भेजा,जहां टीम द्वारा नेत्रदान का पुनीत कार्य पूरा कराया गया।
समिति के जिलाध्यक्ष श्री अग्रवाल ने बताया कि यह जिला और फारबिसगंज का 28वां नेत्र दान है I
समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद , महासचिव पद्मश्री डॉ विमल जैन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार गुप्ता और प्रमंडलीय सचिव मनमोहन सरावगी ने नेत्रदानी परिवार को और कटिहार मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ अतुल मिश्रा और उनकी पूरी मेडिकल टीम को उनकी निस्वार्थ सेवा प्रदान करने को लेकर साधुवाद दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर