रजौली अस्पताल में फिर बांटी गई एक्सपायरी दवा, मरीजो में रोष

 


नवादा, 01 जून (हि.स.)। जिले के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को मरीजों को एक्सपायरी दवा दिए जाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के रजौली क्षेत्र के मसई मुहल्ला निवासी राधा देवी सोमवार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची थीं। चिकित्सक की जांच के बाद उन्हें अस्पताल के दवा काउंटर से डाइएथाइलकार्बामाजीन साइट्रेट (Diethylcarbamazine Citrate) सिरप दिया गया। घर पहुंचने पर परिजनों ने दवा की जांच की तो पता चला कि उसकी एक्सपायरी अवधि समाप्त हो चुकी है।

परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर इसकी शिकायत की। आरोप है कि दवा काउंटर पर मौजूद कर्मी ने कहा कि अस्पताल में फिलहाल यही दवा उपलब्ध है और दूसरी दवा नहीं है। बाद में एक्सपायरी दवा वापस ले ली गई तथा मरीज को बाजार से दवा खरीदने की सलाह दी गई। इस घटना से मरीज के परिजनों में नाराजगी देखी गई।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इसी वर्ष एक जनप्रतिनिधि को अस्पताल से एक्सपायरी दवा दिए जाने का मामला सामने आया था। बार-बार ऐसी घटनाओं के सामने आने से अस्पताल में दवाओं के भंडारण, जांच और वितरण प्रक्रिया की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा दवा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की है। सिविल सर्जन से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं अभी मीटिंग में हूं मीटिंग समाप्त होते हैं जांच करते हुए उचित कार्रवाई करूंगा ।लोगों का कहना है कि मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन