अवर निरीक्षक मद्य निषेध परीक्षा की तैयारी पूरी, कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

 


सुपौल, 11 जुलाई (हि.स.)। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पदों पर नियुक्ति के लिए 12 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सुपौल जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी।

समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति, वितरण और संरक्षण की व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, निषिद्ध सामग्री के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा लगातार निगरानी रखने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों से कहा गया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति नकल, कदाचार अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया एवं परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र