कारगिल विजय दिवस पर बगहा में पूर्व सैनिक करेंगे शहीदों को नमन

 


पश्चिम चम्पारण(बगहा), 22जुलाई (हि.स.। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ की बगहा इकाई द्वारा आगामी 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर नगर परिषद क्षेत्र स्थित सोसाइटी भवन में एक श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा।

कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया जायेगा। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के सदस्य रमेश प्रसाद (फौजी) ने बताया कि 26 जुलाई भारत के इतिहास का गौरवपूर्ण दिन है।

इसी दिन वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों को कारगिल की ऊंची चोटियों से खदेड़कर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। इस विजय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि बगहा में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। समारोह के दौरान शहीद सैनिकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जायेगी।

पूर्व सैनिक संघ ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान प्रकट करने की अपील की है।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सैन्य परंपराओं के प्रति सम्मान तथा देश सेवा की भावना को मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी