अखिल भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ का भव्य कार्यक्रम, कई राज्यों के चिकित्सक हुए शामिल
भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के टाउन हॉल में बुधवार को अखिल भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ भागलपुर के विधायक रोहित पांडे, सुल्तानगंज के विधायक प्रो. ललित मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, बिहार भाजपा की महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर और कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पहुंचे सभी वक्ताओं ने ग्रामीण चिकित्सकों के कार्यों की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखने में ग्रामीण चिकित्सकों का योगदान सराहनीय है। हालांकि, वक्ताओं ने इस बात पर भी चिंता जताई कि सरकार द्वारा ग्रामीण चिकित्सकों को सम्मानपूर्वक किसी भी तरह का प्रशिक्षण नहीं देना और उनकी प्रैक्टिस पर रोक लगाना न्यायसंगत नहीं है।
कार्यक्रम में मौजूद विधायकों ने इस गंभीर मुद्दे को सदन में उठाने का आश्वासन दिया। वहीं, कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल ने भी सरकार के साथ इस विषय पर सकारात्मक पहल करने की बात कही। इस आयोजन में विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। मंच से कार्यक्रम में आए सभी ग्रामीण चिकित्सकों को सर्टिफिकेट, मोमेंटो और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान की इसी कड़ी में बिहपुर बभनगामा के समाजसेवी निरंजन साह और योग शिक्षक संजीव को भी भागलपुर विधायक ने विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके पूर्व, समाजसेवी निरंजन साह ने मंच पर उपस्थित भागलपुर सांसद, गंगा समग्र राज्य समिति की सदस्य श्वेता सिंह और कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के लिए उपस्थित लोगों ने देवेंद्र मंडल और उनकी पूरी टीम के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर