अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग के जेसीबी को आक्रोशित ग्रामीणों ने जलाया
पश्चिम चम्पारण (बगहा),9 जुलाई(हि.स.)।
वाल्मीकिनगर स्थित वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य अंतर्गत ठाड़ी गांव के नज़दीक धनहिया में गुरुवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने जमकर हमला बोल दिया ।विरोध करने के दौरान स्थिति हिंसक उस समय हो गयी,जब वन विभाग द्वारा जेसीबी से अतिक्रमण हटाई जाने लगी,उसी समय ग्रामीण उग्र हो गये और जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया ।
घटना दौरान दोनो पक्षों के करीब छ: लोग घायल हो गये ।घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव हो गयी है। पुलिस प्रशासन ने पुलिस बल और वन कर्मियों की तैनाती कर दी है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए धनहिया पहुंची थी ,जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया , कुछ ही देर में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा वन विभाग की टीम को चारों ओर से घेर लिया।
विरोध बढ़ने के साथ ही स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई ,इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई में लगी जेसीबी मशीन में आग लगा दी। जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई ।
झड़प के दौरान वन विभाग के कर्मी और ग्रामीणों समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए । घटना की सूचना पर वाल्मीकिनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के उग्र तेवर के कारण हालात पर तत्काल काबू पाना आसान नहीं रहा ।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण तथा एसएसबी के कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला ।इसके बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ।
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। वन विभाग की टीम को सुरक्षित निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जायेगी ।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा ।साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने, हिंसा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी