गरीब नवाज एक्सप्रेस से अंग्रेजी शराब बरामद, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 24 अगस्त (हि.स.)। कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-5 पर खड़ी गरीब नवाज एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15715) से रेल पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग के दौरान 57.415 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान मौके से तस्करी के आरोप में एक महिला और एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहरसा जिला निवासी सोनू कुमार (20 वर्ष) और खगड़िया जिला निवासी खुशबू देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। संयुक्त सुरक्षा बल द्वारा ट्रेन की बोगियों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान दोनों को शराब की खेप के साथ पकड़ा गया।
इस मामले में रेल पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विजय कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना कटिहार में कांड संख्या 170/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है। सुरक्षा बलों द्वारा ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में शराब तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह