मिडिल ईस्ट युद्ध में मारे गए इंजीनियर का शव पहुंचा भागलपुर

 


भागलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के दौरान मिसाइल हमले में मारे गए देवनंदन प्रसाद सिंह का शव 20 दिन बाद बीते देर रात उनके घर मशाकचक पहुंचा। शव के पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

मृतक देवनंदन प्रसाद सिंह बिश्नोई कंपनी के जहाज पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे इरान से जहाज लेकर भारत लौट रहे थे। इसी दौरान होर्मुज की खाड़ी के पास उनके जहाज पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद से ही परिवार वाले गहरे सदमे में हैं। शव के घर पहुंचते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में मातम का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं। स्थानीय लोग और जानने वाले देवनंदन प्रसाद सिंह को एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर