सुल्तानगंज बाजार में धनतेरस पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों से वसूला जुर्माना

 




भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और धनतेरस के त्योहार के बीच सुल्तानगंज बाजार में प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला है।

शुक्रवार को जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश पर पूरे शहर में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसके तहत सड़कों को जाम से मुक्त कराने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया।यह कार्रवाई अंचलाधिकारी रमण कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी नीशांत कुमार और थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई।

अभियान के दौरान नगर परिषद के सिटी मैनेजर रवीश वर्मा, गोपाल झा, चंदन कुमार, राजस्व अधिकारी शालनी कुमारी सहित दर्जनों पुलिस बल और महिला पुलिस बल के जवान तैनात रहे। धनतेरस को लेकर पूरे सुल्तानगंज बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही थी।

सड़कों पर लगे अवैध दुकानों के कारण व्यवस्था चरमरा रही थी। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए लाठी-डंडों के सहारे और बुलडोजर चलाकर सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कराया। इसके साथ ही नियम उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों से मौके पर ही जुर्माने की वसूली भी की गई।

कार्यवाही के दौरान अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वे अपनी दुकानें सड़क पर न लाकर नगर परिषद द्वारा निर्धारित 'पीली पट्टी' के अंदर ही लगाएं। यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, तो और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से कई अतिक्रमणकारी दुकानदार भड़क उठे और उन्होंने मौके पर अपना विरोध व आक्रोश भी जताया।

दूसरी ओर, स्थानीय आम नागरिकों का कहना था कि प्रशासन को यह कार्रवाई धनतेरस के दिन करने के बजाय पहले ही करनी चाहिए थी। अगर समय रहते सीमा रेखा तय कर दी जाती, तो त्योहार के दिन दुकानदारों और ग्राहकों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती और लोग आसानी से खरीदारी कर पाते।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर