अवैध अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, अतिक्रमित जमीन पर बने घरों में बिजली का मीटर बड़ा सवाल

 


अररिया 19 जून(हि.स.)। अररिया जिला प्रशासन ने शुक्रवार को गोढ़ी चौक से लेकर वन विभाग की जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण कर रह रहे लोगों के आशियाने पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त किया

वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमित कर बने सैकड़ों मकान और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।

अभियान के दौरान जिला प्रशासन की टीम के साथ सैकड़ों की संख्या में किसी तरह के उपद्रव से निबटने को लेकर पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।हालांकि अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिक्रमणकारियों ने आभियान का विरोध भी किया, लेकिन भारी संख्या महिला और पुरुष पुलिस बलों के सामने विरोध चल न सका और प्रशासन ने सख्ती के साथ अतिक्रमित जमीन को अवैध रूप से कब्जा किए कब्जाधारियों से मुक्त कराया।

अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक पहलू यह रहा कि वहां अवैध रूप से बने मकानों में बिजली का सरकारी मीटर लगा हुआ था।

बकायदा अवैध अतिक्रमणकारियों के घरों में बिजली का कनेक्शन था, जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जब अतिक्रमण कर रह रहे लोग अवैध रूप से थे तो बिजली विभाग ने इन घरों में बिजली का कनेक्शन कैसे दिया।हालांकि इस मामले पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से जब जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस मसले पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।

जिला प्रशासन की ओर से अचानक चले इस अभियान से अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। अवैध रूप से रह रहे लोग अपने अपने समानों को सुरक्षित निकालने में लग गए।

सरकारी जमीन पर झुग्गी झोपड़ी के साथ कई लोगों ने नीचे पक्का निर्माण कर रखा था, जिसे प्रशासन ने सख्ती के साथ बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया।अभियान में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर