अररिया में पुलिस प्रशासन का चला डंडा, हटाया गया अतिक्रमण

 


अररिया 19 सितम्बर(हि.स.)। जिला मुख्यालय में शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। शहर के मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया।कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। एसडीओ दीक्षित श्वेतम और एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी होती थी।दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लेने से राहगीरों को चलने में दिक्कत होती थी।प्रशासन की इस कार्रवाई से शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय हो कि शुक्रवार के देर शाम डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार ने सिविल कोर्ट से लेकर चांदनी चौक,सदर अस्पताल जाने वाले सड़क पर लगने वाले जाम को लेकर जायजा लिया था।जिसमें बड़ी संख्या में सड़क के किनारे लगे फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण के कारण सड़क के किनारे में ही गाड़ी की पार्किंग के कारण सड़क की संकीर्णता को लेकर चिंता जाहिर करते हुए अधिकारियों को अतिक्रमण मुक्त को लेकर अभियान चलाने का निर्देश दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर