महिलाओं को सशक्त और धारदार बनाएंगी निशा सिंह व सीमा झा
कटिहार, 30 मई (हि.स.)। बिहार भाजपा प्रदेश कमेटी की नवनिर्वाचित महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व प्राणपुर विधायक निशा सिंह और नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सीमा झा के सम्मान में कटिहार जिला अतिथि गृह में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दोनों महिला नेत्रियों को अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया और खुशी का इजहार किया।
समारोह के दौरान जिला अध्यक्ष मनोज राय ने निशा सिंह को महिला मोर्चा की कमान मिलने और सीमा झा को प्रदेश कमेटी में जगह मिलने पर बधाई दी। उन्होंने दोनों को अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कटिहार की दो कर्मठ महिला नेत्रियों को प्रदेश स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना पूरे जिले के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ने उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ काम करेंगी। निशा सिंह ने कहा कि बिहार संगठन में महिलाओं को और अधिक सशक्त तथा संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।
वहीं भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सीमा झा ने कहा कि उन्हें यह दायित्व संगठन में लंबे समय तक निष्ठापूर्वक काम करने के प्रतिफल के रूप में मिला है। उन्होंने पूर्व में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष, भाजपा जिला उपाध्यक्ष और महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया है। सीमा झा ने संकल्प लिया कि आने वाले समय में वह बिहार भाजपा संगठन को और अधिक धारदार और प्रभावी बनाने में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
इस अभिनंदन समारोह में जिले भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का हुजूम उमड़ पड़ा। मौके पर मुख्य रूप से कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला मंत्री सबिता शर्मा, गौरव पासवान, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, महेंद्र झा, भास्कर सिंह, शंभू चौधरी, श्वेता राय और जोक्सन यादव सहित जिला भाजपा व महिला मोर्चा टीम के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह