राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी होंगे सम्मानित: सचिव
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण में कार्यालय लिपिकों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने की।
बैठक के दौरान सचिव ने लोक अदालत में अधिकतम वादों को चिन्हित कर उनके सुगम समाधान पर जोर दिया। उन्होंने सभी न्यायालय लिपिकों को निर्देश दिए कि वे संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
कार्यकर्म के दौरान पक्षकारों को समयबद्ध रूप से सबसे अधिक नोटिस प्रेषित करने वाले दो कार्यालय लिपिकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सचिव महोदय ने उनकी पीठ थपथपाते हुए अन्य कर्मियों से भी इनसे प्रेरणा लेने और निष्ठापूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन एवं विधिक सेवा प्राधिकार ने आम जनता से अपील की है कि वे 12 सितंबर को आयोजित लोक अदालत में अपने शमयनीय आपराधिक मामलों, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, बिजली-पानी के बिल और ट्रैफिक चालान जैसे मुकदमों का आपसी सहमति से स्थायी निपटारा कराएं। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि आपसी सौहार्द भी बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार