राघोपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, हायर सेंटर रेफर

 


सुपौल, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-12 में मंगलवार को एक मकान की पेंटिंग के दौरान 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के प्रभाव में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

सिमराही नगर पंचायत निवासी सरयू प्रसाद साह के मकान में पेंटिंग और पॉलिश का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर लोहे की सीढ़ी हटाने का प्रयास कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सीढ़ी मकान के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक करीब पहुंच गई। इसके बाद तेज धमाके जैसी आवाज हुई और दोनों मजदूर विद्युत प्रभाव की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

घायलों में देवीपुर पंचायत के गम्हरिया वार्ड संख्या-1 निवासी 65 वर्षीय चंद्रदेव यादव और 30 वर्षीय मुकेश कुमार है। चिकित्सकों के अनुसार चंद्रदेव यादव के दोनों पैर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि मुकेश कुमार के दोनों हाथ, पेट के दाहिने हिस्से और दाहिने पैर में गंभीर जलन और चोटें आई हैं।

घायल चंद्रदेव यादव ने बताया कि वे मकान में पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। लोहे की सीढ़ी हटाने के दौरान वे अनजाने में हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब पहुंच गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना के समय मकान के अंदर काम कर रहे मजदूर रुपेश शर्मा ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर दोनों साथी गंभीर रूप से झुलसे पड़े थे। इसके बाद स्थानीय लोगों और मकान मालिक की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सक डॉ. विपीन कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

राघोपुर विद्युत विभाग के कनीय अभियंता कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि संबंधित पेंटिंग कार्य की सूचना विभाग को पहले नहीं दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मजदूरों ने सीधे बिजली के तार को नहीं छुआ, बल्कि हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक निकट पहुंचने के कारण विद्युत प्रभाव से हादसा हुआ। उन्होंने लोगों से हाईटेंशन लाइनों के आसपास किसी भी प्रकार का निर्माण, मरम्मत या पेंटिंग कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर बिजली विभाग को सूचना देने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र