बिहार के सीवान में करंट की चपेट में आकर वृद्धा व नीलगाय की मौत
सीवान, 23 जुलाई (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के ज्ञानी मोड़ के उत्तर स्थित जलपुरवा गांव में गुरुवार सुबह खेत में अवैध रूप से दौड़ाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। इसी करंट की चपेट में आकर एक नीलगाय ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतका की पहचान संगीता देवी (65 वर्ष), पति लक्ष्मण सिंह, निवासी जलपुरवा गांव के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही वीरेंद्र सिंह फसलों को नीलगाय से बचाने के लिए अपने खेत के चारों ओर अवैध रूप से नंगे तारों में बिजली का करंट प्रवाहित करते थे। आरोप है कि वह रोज रात में खेत की घेराबंदी में करंट छोड़ते थे और सुबह होने से पहले तार हटा लेते थे।
बताया जाता है कि घटना वाले दिन सुबह संगीता देवी खेत की ओर गई थीं। उसी दौरान तारों में बिजली का प्रवाह जारी था। अनजाने में उनका संपर्क नंगे तार से हो गया, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान एक नीलगाय भी करंट की चपेट में आ गई और उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया गया। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने अवैध रूप से खेतों में करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma