नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न, अजमेरी, आर्ची और जमशेद बने सदस्य
किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शनिवार को चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतदान एवं मतगणना के दौरान पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही।
निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार एवं ऑब्जर्वर सह अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज ने की। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मवीर सिंह भी पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मजिस्ट्रेट के रूप में किशनगंज अंचल अधिकारी राहुल कुमार चुनाव स्थल पर तैनात रहे और संपूर्ण प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के चुनाव के लिए पार्षदों ने मतदान किया।
चुनाव में वार्ड संख्या-20 की पार्षद अजमेरी खातून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 19 मत प्राप्त किए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को सात मतों से पराजित कर समिति में स्थान सुनिश्चित किया। वहीं वार्ड संख्या-10 की पार्षद आर्ची देवी को 17 मत मिले और वे भी निर्वाचित घोषित की गईं। तीसरी सीट के लिए मुकाबला बेहद रोचक रहा।
वार्ड संख्या-1 के पार्षद जमशेद आलम और नुसरत खातून को समान मत प्राप्त होने के कारण टाई की स्थिति बन गई। निर्वाचन नियमावली के अनुसार दोनों के बीच विजेता का निर्णय टॉस के माध्यम से किया गया।
टॉस में जमशेद आलम के पक्ष में परिणाम आने के बाद उन्हें विजयी घोषित कर सशक्त स्थायी समिति का सदस्य निर्वाचित किया गया। परिणाम घोषित होते ही निर्वाचित सदस्यों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव स्थल पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया। गौरतलब है कि नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति नगर निकाय के महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है।
समिति के गठन के साथ ही नगर परिषद की विकास योजनाओं तथा विभिन्न जनहितकारी कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह