शराब तस्करों के वाहन से कुचलकर बुजुर्ग दुकानदार की मौत
सारण, 29 मार्च (हि.स.)। एकमा-मांझी मुख्य मार्ग पर स्थित नवतन बाजार में सुबह एक सड़क हादसा हुआ। शराब तस्करों की तेज रफ्तार गाड़ी ने दुकान खोल रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान नवतन निवासी मुसाफिर चौरसिया के रूप में हुई है। सुबह मुसाफिर चौरसिया अपनी पान की गुमटी खोल रहे थे। इसी दौरान शराब तस्करों की एक अनियंत्रित गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर लगभग पांच घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रखा।
घटना कि सूचना मिलते ही एकमा, रसूलपुर, मांझी और दाऊदपुर थाना के आरक्षी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, डीएसपी राजकुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को काफी समझाया-बुझाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने जाम हटाया।
एकमा थानाधक्ष ने बताया कि घटनास्थल से शराब की बोतलों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। शव को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही सारण के एमएलसी सच्चिदानंद राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और सांत्वना दी। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने घोषणा की कि वह पीड़ित परिवार के एक सदस्य को निजी कंपनी में नौकरी दिलाएंगे। सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि को जल्द से जल्द दिलाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार