भरण-पोषण अधिकरण की बैठक में बुजुर्गों की समस्याओं पर सुनवाई, बेटों को सख्त चेतावनी

 


सीवान, 15 अप्रैल (हि.स.)। बिहार माता-पिता व वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिकरण की बैठक बुधवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में पीड़ित बुजुर्गों के मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकरण ने संबंधित पक्षों को सख्त निर्देश दिए।

बैठक के दौरान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रफीपुर गांव की सरस्वती देवी ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनके दोनों पुत्र रामशंकर यादव (चौकीदार) और विजय यादव उनके साथ निर्दयतापूर्वक व्यवहार करते हैं तथा भरण-पोषण और देखभाल नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भीख मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। इस पर अधिकरण ने स्थानीय थानाध्यक्ष और आरोपी पुत्रों से बातचीत कर तत्काल उत्पीड़न बंद करने का निर्देश दिया और अगली बैठक में उपस्थित होने का आदेश दिया। चेतावनी दी गई कि अनुपस्थिति की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मैरवा धाम के निवासी प्रेमचंद शर्मा ने शिकायत की कि अधिकरण के पूर्व आदेश के बावजूद उनके पुत्र बंटी शर्मा और विनोद शर्मा न तो उत्पीड़न बंद कर रहे हैं और न ही निर्धारित भरण-पोषण भत्ता दे रहे हैं। इस पर अधिकरण ने दोनों पुत्रों से टेलीफोन पर बात कर तत्काल आदेश का पालन करने और अगली बैठक में उपस्थित होने को कहा।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिकरण के कार्यों और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी प्रखंड परिसरों में होर्डिंग लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बुजुर्ग इस योजना का लाभ उठा सकें।

बैठक में अधिकरण अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता, सदस्य मनोज मिश्र, अनुराधा गुप्ता, किरण गुप्ता, रविंद्र कुमार, अरुण कुमार तथा सहायक फातिमा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma