एक शाम वीर शहीदों के नाम कार्यक्रम में रातभर गीत संगीत का दौर

 




अररिया 27 जुलाई(हि.स.)। डिजिटल प्रेस क्लब अररिया की ओर से अपने स्थापना दिवस और कारगिल विजय दिवस के मौके पर रविवार शाम को एक शाम वीर शहीदों के नाम सांस्कृतिक कार्यक्रम में देर रात तक गीत संगीत का दौर चलता रहा।

स्कूली बच्चों के देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम के साथ कॉमेडियन राज सोनी,गायक अमर आनंद,गायिका प्रिया राज,गजल गायक सुजीत झा,उत्तरप्रदेश से आई विभा शुक्ला और अलाउद्दीन खान के एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने लोगों को एकसूत्र में बांधे रखा।

फारबिसगंज द्वारका पैलेस परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें कारगिल के शहीद के परिजनों और स्कूली बच्चों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

विभिन्न स्कूली बच्चों के राष्ट्रभक्ति से प्रेरित गीत संगीत और एकांकी के बाद गजल गायक सुजीत झा ने अपनी शुरुआत चिट्ठी आई है गजल से की, जिसके बाद उनके द्वारा प्रस्तुत गजलों की लड़ी और मुंबई से आए कॉमेडियन राज सोनी का अपने रोमियो के साथ हास्य व्यंग्य का दौर ऐसा चला कि लोगों के चेहरे खिल उठे।

गायिका प्रिया राज ने अपनी शुरुआत लग जा गले कि फिर यह हसीन रात हो न हो गीत से की।उन्होंने राष्ट्रभक्ति गीत देश रंगीला रंगीला गाकर सबों को झूमने को मजबूर कर दिया।गायक अमर आनंद के साथ ड्यूल सॉन्ग कौन दिशा में लेके चला रे बटोहिया के बाद अमर आनंद ने एक से बढ़कर एक गीत संगीत की तराना को पेशकर महफिल में शमा बांध दिया।कॉमेडियन राज सोनी ने नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले से लेकर चले जंतर मंतर पर आंदोलन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुति कर लोगों को खूब गुदगुदाया।

डिजिटल प्रेस क्लब के अध्यक्ष शुभम कुमार, कार्यक्रम प्रभारी त्रिभुवन ठाकुर और सचिव जगदीश झा गुड्डू ने डिजिटल प्रेस क्लब की स्थापना और उद्देश्य की जानकारी दी।

कार्यक्रम को सजाने में क्लब के सदस्य नवल राही,मुबारक राज,ओमप्रकाश सिंह, हरेंद्र कुमार, मणिभूषण ठाकुर,रवि कुमार,अजीत झा, मृत्युंजय शांडिल्य, मुकेश कुमार, खत्ताब अंसारी, रजत रंजन समेत सभी सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

मौके पर डिजिटल प्रेस क्लब की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने और कार्यक्रम के स्पॉन्सरशिप करने वाले संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर