तारडीह में दिव्यांगों के बीच निःशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण, 82 लाभुक हुए लाभान्वित
दरभंगा, 07 अगस्त (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज पोखरभिंडा स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर में शुक्रवार लगभग 82 दिव्यांग लाभुकों के बीच विभिन्न सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस शिविर का आयोजन एक स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) के सहयोग से किया गया, जिससे दिव्यांगजनों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
शिविर में लाभुकों के बीच कृत्रिम अंग, बैसाखी, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वॉकर, छड़ी तथा अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीण सहयोगी एवं वितरक संचालक अजीत कुमार सिंह के साथ अभिषेक कुमार, बब्बन कुमार, हरिमोहन भंडारी तथा काउंटर सहयोगी के रूप में अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल उनके दैनिक जीवन को सहूलियत मिलती है, बल्कि समाज के प्रति उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एनजीओ की पूरी टीम तथा सहयोगी कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मानवीय प्रयास समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra