ईद-उल-फितर और रामनवमी के लिए कटिहार में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, डीजे पर प्रतिबंध

 


कटिहार, 17 मार्च (हि.स.)। आगामी ईद-उल-फितर, रामनवमी, चैती छठ और चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और प्रभारी पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार सिंह ने विकास भवन में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी निरंतर रात्रि में पेट्रोलिंग करेंगे और विधि व्यवस्था पर सतत निगरानी रखेंगे। सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए साइबर सेल और सोशल मीडिया टीम को सक्रिय किया गया है। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि सभी नगर निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और ईद के नमाज के बाद बाजार पूरी रात भर खुली रहेंगी, इसलिए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी पूरी रात चौकस रहेंगे।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किसी भी तरह के जूलूस के आयोजन के लिए लाइसेन्स लेना अनिवार्य होगा और लाइसेन्स में निर्धारित शर्तों के अनुपालन के आधार पर ही आयोजन की अनुमति दी जाएगी। डीजे का प्रयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है और लाउडस्पीकर का प्रयोग अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा निर्गत लाइसेंस के उपरांत ही किया जा सकेगा।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और आवश्यक सुझाव दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह