शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज़

 


किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शांतिपूर्ण माहौल में ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ के दौरान मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी गई।

सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। नए परिधानों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग नमाज़ अदा करने पहुंचे। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई स्थानों पर लोगों ने जरूरतमंदों के बीच सहायता सामग्री भी वितरित की।

ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पौआखाली थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, ईदगाहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती नजर आई।

किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न होने से लोगों में खुशी का माहौल है। पूरे पौआखाली थाना क्षेत्र में दिनभर आपसी सद्भाव, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का वातावरण कायम रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह