शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए कई निर्देश
सुपौल, 05 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तथा जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नामांकन अभियान, कस्तूरबा विद्यालयों की स्थिति, एफआरएस पंजीकरण, यू-डायस और समर कैंप की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में नामांकन की स्थिति पर चर्चा हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि अभी भी 62 सीटें रिक्त हैं। इस पर जिलाधिकारी ने रिक्त सीटों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में पेयजल की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि नामांकन अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा एक में नामांकन की संख्या पिछले सत्र 2025-26 की तुलना में 30,472 अधिक रही है। इसके बावजूद नामांकन लक्ष्य और वास्तविक संख्या के बीच अंतर को जल्द पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
मरौना प्रखंड में आधार केंद्र संचालित नहीं होने से बच्चों के आधार कार्ड और अपार कार्ड बनाने में आ रही समस्याओं का मुद्दा भी बैठक में उठा। इस पर जिलाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मरौना को पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि जिले में अभी 110 शिक्षकों और 1,67,184 छात्रों का FRS पर पंजीकरण नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।इसके अलावा यू-डायस डेटा, समर कैंप गतिविधियों तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को डायट में चल रहे शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र