सारण के संत जलेसर एकेडमी का शिक्षा मंत्री ने किया निरीक्षण

 










सारण, 03 अगस्त (हि.स.)। बनियापुर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने बनियापुर प्रखंड के बड़ा लौवा स्थित संत जलेसर एकेडमी का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, अनुशासित शैक्षणिक माहौल और छात्राओं के उत्थान के लिए किए गए विशेष प्रबंधों को देखकर शिक्षा मंत्री काफी प्रभावित हुए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब तथा खेलकूद से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा राज्य सरकार बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे में जब निजी क्षेत्र की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के अभूतपूर्व प्रयास किए जाते हैं, तो इससे विकसित बिहार के संकल्प को नई गति मिलती है।

संत जलेसर एकेडमी की स्थापना लगभग दो दशक पूर्व सारण के विधान पार्षद सह ईडन रियल्टी ग्रुप के चेयरमैन इंजीनियर सच्चिदानंद राय द्वारा की गई थी। इस संस्थान में छात्राओं को पूरी तरह से नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है।

निजी क्षेत्र में छात्राओं के लिए इस स्तर की उत्कृष्ट और नि:शुल्क व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि इंजीनियर सच्चिदानंद राय का यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार