91 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

 


भागलपुर, 30 जून (हि.स.)। केशव सरस्वती विद्या मंदिर, पटना में आयोजित सम्मान समारोह में आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर के उन प्रतिभाशाली भैया-बहनों को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी द्वारा सम्मानित किया गया, जिन्होंने वार्षिक परीक्षा में 91 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में ऋषव कुमार, अपूर्व कृष्ण, राज कौशल, मन्नू जी, अर्पित आनंद, अनुष्का गुप्ता एवं सौम्या कुमारी शामिल रहे।

शिक्षा मंत्री ने सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कार ही सफलता का आधार हैं और ऐसे मेधावी विद्यार्थी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमंत कुमार ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, अभिभावकों के सहयोग तथा आचार्यों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य मनोज पंडित एवं रश्मि पाठक सहित अन्य आचार्यगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित भैया-बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर