स्काउट-गाइड के एकता शिविर का शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

 






सारण, 16 जून (हि.स.)। भारत स्काउट एवं गाइड के द्वारा आयोजित जिला स्तरीय एकता शिविर-2026 का उद्घाटन चांदमारी रोड स्थित सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर की विधिवत शुरुआत की। इस कार्यक्रम में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर का शुभारंभ स्काउट एवं गाइड कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् और स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ हरेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण के जरिए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया और शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी अपने संबोधन में संगठन की कार्यसंस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड युवाओं में अनुशासन, कुशल नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कैडेट्स को सदैव मानव सेवा के लिए तत्पर रहने और समाज के कल्याण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान डीओसी अमन राज ने सरकारी विद्यालयों में इन गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु सहयोग की मांग की, जिस पर शिक्षा मंत्री ने पूर्ण सहयोग और आवश्यक पहल का भरोसा दिया।

विशिष्ट अतिथि सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी कैडेट्स के अनुशासन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए उनके अभिभावकों के योगदान को सराहा। इस मौके पर शिक्षा मंत्री द्वारा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित भी किया गया।

शिविर में सारण जिले के 20 प्रखंडों से आए लगभग 500 स्काउट एवं गाइड प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

सीपीएस के प्रबंध निदेशक डॉ विकास कुमार सिंह के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक राजदेव राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, प्राचार्य मुरारी सिंह, अमन राज, अश्विनी परमार, प्रणव सिंह, प्राचार्या अंजू सिंह और शिविर प्रधान प्रमोद सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार