गोपालगंज मोड़ पर ई-रिक्शा हड़ताल के दौरान हंगामा, यात्रियों और परीक्षार्थियों को हुई भारी परेशानी
सीवान, 23 फरवरी (हि.स.) जिलाधिकारी के आदेश एवं विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सत्येंद्र कुशवाहा द्वारा ई-रिक्शा हड़ताल का ऐलान किया गया। हड़ताल के आह्वान के बाद शहर के गोपालगंज मोड़ पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आरोप है कि हड़ताल के समर्थन में उतरे वॉलेंटियर सड़क पर चल रहे ई-रिक्शाओं को लाठी-डंडों के बल पर जबरन रोक रहे हैं। कई स्थानों पर ई-रिक्शा चालकों को दौड़ा-दौड़ाकर रोका गया तथा सवार यात्रियों को बीच सड़क पर उतार दिया गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब टेंपो चालकों को भी जबरन रोका जाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जो चालक हड़ताल में शामिल नहीं होना चाहते थे, उन्हें भी दबाव बनाकर वाहन बंद कराने की कोशिश की गई। इस दौरान आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक दिक्कत परीक्षार्थियों को हुई, जो परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने के लिए संघर्ष करते नजर आए। कई छात्रों को पैदल ही परीक्षा केंद्र की ओर जाना पड़ा। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma