दुर्गा मंदिर चोरीकांड का खुलासा, चार गिरफ्तार चोरी के आभूषण बरामद, फरार आरोपित के घर से देशी रिवाल्वर भी मिला

 


सीवान, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के हुलास छपरा स्थित दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है।

पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एक फरार आरोपित के घर से चोरी का सामान और एक देशी रिवाल्वर बरामद किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस संबंध में एसपी भारत सोनी ने बताया कि 15 और 16 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने हुलास छपरा स्थित दुर्गा मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिये थे।

मामले में मंदिर से जुड़े लोगों के आवेदन पर गोरेयाकोठी थाने में कांड संख्या 240/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। एसपी के अनुसार, अनुसंधान के दौरान मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना में शामिल आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जुमन छपरा निवासी सुजीत कुमार उर्फ कल्लू, सिसई पांडेय टोला निवासी अंकित पांडेय, सिसई इमलीपट्टी निवासी प्रियांशु कुमार सिंह और हुलास छपरा निवासी कमलेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद घटना से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में सोना जैसा धातु का एक गले का हार, एक नथिया, एक जोड़ी कान की बाली, दुर्गा जी के गले का लॉकेट तथा एक अन्य लॉकेट शामिल है। वहीं, एक फरार आरोपित के घर से एक देशी रिवाल्वर भी बरामद हुआ है। इस संबंध में गोरेयाकोठी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष पु.अ.नि. मनीष कुमार, पु.अ.नि. जितेंद्र कुमार सहित थाना के पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma