दुर्गापूजा में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य
दरभंगा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय के डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, प्रकाश, अग्नि सुरक्षा, स्वास्थ्य, मूर्ति विसर्जन एवं पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पूजा स्थलों एवं शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ और नागरिक सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में पूजा पंडालों में किसी राजनीतिक दल अथवा अभ्यर्थी से संबंधित पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी।
डीएम ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाने और निगरानी संबंधी साइनेज प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। पूजा समितियों के वॉलिंटियर्स की सूची संबंधित थानों को उपलब्ध कराने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा विद्युत विभाग को तार, कनेक्शन सहित विद्युत व्यवस्था की जांच करने का निर्देश दिया गया।
मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन कराने के साथ विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख पूजा पंडालों में मेडिकल किट तथा डीएमसीएच में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति का भी निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने कहा कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। बाइक गश्ती दल सक्रिय रहेगा और सोशल मीडिया पर अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उपद्रव या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ सदर कुमार गौरव ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व मनाने की अपील की। नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने साफ-सफाई, चलंत शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं की जानकारी दी। महापौर अंजुम आरा ने जलजमाव समेत अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने पूजा स्थलों के आसपास ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कचरा संग्रहण के लिए डस्टबिन तथा महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सहित कई सुझाव दिए। बताया गया कि 17 अक्टूबर को सप्तमी तथा 18 से 20 अक्टूबर तक अष्टमी, नवमी एवं दशमी का पर्व मनाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra