नामी कंपनी का सौ से अधिक बोरा डुप्लीकेट चावल पकड़ाया,यूपी के राइस मिल के मालिक के शिकायत पर कार्रवाई

 




अररिया 09 अक्टूबर(हि.स.)। फारबिसगंज में ब्रांडिंग चावल कंपनी की डुप्लीकेट पैकेजिंग और नामी गिरामी ब्रांडिंग चावल के नाम पर ग्राहकों का आर्थिक शोषण किया जाता है। इसका खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिला के नौतनवा स्थित लक्ष्मी राइस मिल के मालिक नितेश जायसवाल के शिकायत पर फारबिसगंज पुलिस ने छुवापट्टी चौक वार्ड संख्या 16 कादरी मोहल्ला स्थित एक गोदाम में छापेमारी की,जहां एक सौ दस बोरा से अधिक धन लक्ष्मी राइस नाम के ब्रांडिंग वाला डुप्लीकेट चावल के बोरे के साथ बड़े पैमाने पर खाली बोरा पाया गया।

यह गोदाम बड़ा शिवालय रोड निवासी कन्हैयालाल जायसवाल का है,जो चावल कारोबारी है। छुवापट्टी में इनका चावल दुकान के साथ बड़े पैमाने पर खुदरा दुकानदारों के साथ अन्य दुकानों में चावल सप्लाई करने का काम करता था।छापेमारी में फारबिसगंज थाना पुलिस के साथ उत्तरप्रदेश के लक्ष्मी राइस मिल के पार्टनर नितेश जायसवाल भी मौजूद थे।

लक्ष्मी राइस मिल के संचालक नितेश जायसवाल ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को अररिया के पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि फारबिसगंज के छुवापट्टी चौक स्थित मेसर्स गणेश भंडार उनकी कंपनी के रजिस्टर्ड ब्रांड और नाम का गलत इस्तेमाल कर चावल बेच रहा है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी फर्म कई सालों से चावल बना रही है। गणेश भंडार द्वारा उनके ब्रांड की नकल करने से उनके ब्रांडिंग और व्यापार पर असर पड़ रहा था।श्री जायसवाल ने बताया कि फारबिसगंज के कई व्यापारियों ने फारबिसगंज सहित अगल बगल के इलाकों में उनके ब्रांडिंग के नाम पर डुप्लीकेसी की शिकायत की थी,जिसको लेकर पूर्व में मेसर्स गणेश भंडार को उन्होंने नोटिस भी किया था।बावजूद उसके द्वारा यह गोरखधंधा लगातार अंजाम दिया जाता रहा।

उन्होंने कहा कि उनका फर्म और ब्रांड रजिस्टर्ड है और उसी के फर्म और ब्रांड का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट बोरा बनवाकर डुप्लीकेट कम कीमत वाला चावल बिक्री कर मुनाफाखोरी की जा रही थी।उन्होंने बताया कि कन्हैयालाल जायसवाल बगल के गोदाम में चावल का पैकेजिंग करवाता था और इस गोदाम में माल को स्टॉक कर बिक्री करने का काम करता था।मामले को लेकर उनके द्वारा लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई है।

छापेमारी में फारबिसगंज थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार और उपेंद्र यादव समेत अन्य सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर