दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी

 


बेतिया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में डीएम तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति एवं प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई।

डीएम ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, जरूरत के अनुसार ड्रोन से निगरानी, फ्लैग मार्च और सघन गश्ती कराने का निर्देश दिया। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति तथा शांति समिति और पूजा समितियों से समन्वय बनाए रखने को कहा।

डीएम ने सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई, कैम्प कोर्ट के माध्यम से बाउंड डाउन की कार्रवाई के निर्देश दिए। पूजा समितियों को लाइसेंस लेकर प्रतिमा स्थापित करने तथा पंडालों में सीसीटीवी, प्रकाश, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर सेफ्टी और प्रशिक्षित स्वयंसेवक रखने को कहा। डीजे व अश्लील गानों पर रोक के साथ विद्युत तारों की जांच का निर्देश दिया।

विसर्जन के लिए निर्धारित रूट, क्राउड मैनेजमेंट, गोताखोर और जलस्तर को देखते हुए नाव संचालन में सतर्कता बरतने को कहा गया।

एसएसपी कुमार गौतम और बगहा एसपी राजेश कुमार ने भी निर्देश दिए। बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, एडीएम राजीव रंजन सिन्हा समेत अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक