दुकान में छिपाकर रखा था 1.148 किलो गांजा, पुलिस ने दुकानदार को दबोचा

 


बेतिया, 03 सितंबर (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला के लौरिया बंगाली चौक पर पान-गुटखा की दुकान की आड़ में गांजा बेचने की सूचना पर लौरिया पुलिस ने छापेमारी कर 1 किलो 148 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दुकानदार सुधन साह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाली चौक स्थित पान-गुटखा की दुकान से चोरी-छिपे गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद दारोगा जयशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी के लिए भेजी गई। टीम में सुग्रीव कुमार, अमिताभ नैन समेत पुलिस बल शामिल थे।

पुलिस टीम ने नरकटियागंज मार्ग स्थित पारस साह के पुत्र सुधन साह की दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान में छिपाकर रखा गांजा बरामद हुआ। अंचल राजस्व अधिकारी सह मजिस्ट्रेट राहुल कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में बरामद गांजा का वजन कराया गया, जो 1 किलो 148 ग्राम निकला।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद गांजा को जब्त कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गुरुवार को भी क्षेत्र की कई दुकानों में जांच और छापेमारी की। कार्रवाई के बाद दुकानदारों में सतर्कता बढ़ गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कारोबार करने वाले दुकानदारों और कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक