कटिहार परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान में वसूला 3.87 लाख रूपये का जुर्माना
कटिहार, 11 सितंबर (हि.स.)। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों की अनदेखी रोकने के लिए जिला परिवहन विभाग ने जिले भर में सघन वाहन जांच अभियान चलाकर ₹3.87 लाख का चालान वसूला। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सुश्री डेजी रानी ने बताया कि रौतारा टोल प्लाजा एवं दलन चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चलाए गए इस अभियान में मुख्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर शिकंजा कसा गया।
अभियान का विवरण एवं कार्रवाई
जांच के दौरान दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठे यात्रियों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया गया। मौके पर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को मौके पर ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
विभाग की अपील एवं भावी योजना
डीटीओ डेजी रानी ने चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए जरूरी हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु और गंभीर चोटों को रोकने के लिए यह विशेष जांच अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह